Taaleem तालीम (गंगा की लहरें)-Kavi Abdul Jabbar (GL-37)

 


तालीम 

तालीम हमारे भारत की तस्वीर बदल देगी

हासिल कर लो ये सबकी तकदीर बदल देगी


शिक्षा साधक अमर हो गये तुलसी, सूर, कबीरा

ज्ञान की गंगा में डुबकी ले अमर हो गई मीरा,


शिक्षा  साथी  हाथों की  लकीर  बदल देगी

हासिल कर  लो  ये सबकी  तकदीर बदल देगी  


पढ़े-लिखों ने गिन डाले हैं नभ के चांद सितारे

सागर  की  गहराई नापी  चांद  पे चरन उतारे


कलम करम की आंख का खारा नीर बदल देगी

हासिल  कर  लो ये  सबकी तकदीर बदल देगी


आओ गांव गली घर आँगन द्वार-द्वार पर जाएँ

शिक्षा के सूरज की किरणें जन-जन तक पहुंचाएं


ज्ञान  की  गरिमा  जीने की  तासीर  बदल देगी

हासिल कर  लो ये  सबकी  तकदीर बदल देगी


एक  को  एक  पढ़ाएं  जैसे दीप  से दीप  जलाएं,

साक्षरता  के महामिशन  में  तन मन से जुट जाएं


जब्बार, पढ़ाई  जन  मन की  हर  पीर  बदल देगी

हासिल  कर  लो ये  सबकी  तकदीर बदल  देगी