Bhaarat desh mahaan भारत देश महान ( गंगा की लहरें)-Kavi Abdul Jabbar (GL-15)

 

भारत देश महान

दुनिया की पहली पहचान

अपना भारत देश महान

लेते जनम जहां भगवान

वो है अपना देश महान

 

हिन्दू, मुस्लिम, सिख, ईसाई

सबने इसकी शान बढ़ाई

जब-जब इस पर संकट आया

जान गंवा कर आन बचाई

जिस पर तन-मन-धन कुर्बान

वो है अपना देश महान

 

मौसम इस का रंग बिरंगा

बहती कल-कल पावन गंगा

बलिदानों की इस बस्ती में

छूता है आकाश तिरंगा

आजादी का भव्य निशान

अपना भारत देश महान


महके अपना गुलशन सारा

हो हर फूल में भाईचारा

हरियाली पर, खुशहाली पर

हमने अपना जीवन वारा

जन-गण-मन जिसका गुणवान

वो है अपना देश महान

  

आज ये हम बच्चों का सहारा

कल हम होंगे इसका सहारा

सदियों से संसार ये जाने

हम इसके और ये है हमारा

जग करता जिसका सम्मान

वो है अपना देश महान